मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में महान स्वाधीनता संग्राम सेनानी, देश के पूर्व गृहमंत्री व उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री, भारत रत्न से अलंकृत पं. गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उत्थान हेतु पं. गोविंद बल्लभ पंत जी का अतुलनीय योगदान चिरस्मरणीय है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी. सभागार में भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत जी के 135 वें जन्मदिन समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने पं. गोविन्द बल्लभ पंत जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत जी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजसेवी एवं कुशल प्रशासक थे। उन्होंने देश को नई दिशा देने के साथ ही कुली बेगार प्रथा तथा जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष कर समाज में व्याप्त बुराइयों को मिटाने में अहम भूमिका निभाई। देश की आजादी से पूर्व एवं देश की आजादी के बाद भी उन्होंने देश सेवा के लिए जो कार्य किये, वे सभी कार्य हमें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया। हिन्दी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, मैती आन्दोलन के प्रणेता पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, श्रीमती दीप्ति रावत भारद्वाज, श्री राकेश डोभाल एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


