उत्तरकाशी। उत्तरकाशी पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” एवं “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित कुख्यात महिला ड्रग माफिया एवं गैंगस्टर मेहराज को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता लंबे समय से स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रही है तथा उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस द्वारा अप्रैल 2026 में अवैध स्मैक की तस्करी करते हुए विनोद लाल एवं शुभम नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। मामले की विवेचना एवं पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दोनों अभियुक्त स्मैक की खरीदारी देहरादून निवासी मेहराज से करते थे। जांच में मेहराज की संलिप्तता पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से अभियुक्ता गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। पुलिस द्वारा उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रही थी। बाद में न्यायालय से उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। इसके उपरांत पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तरकाशी दिनेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने विभिन्न माध्यमों से सूचनाएं एकत्रित कर अभियुक्ता की गतिविधियों पर नजर रखी और सटीक सूचना मिलने पर 3 जून 2026 को देहरादून स्थित उसके आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्ता को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता मेहराज पत्नी मुस्तकीम निवासी ग्राम खुशहालपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून है। उसके विरुद्ध वर्ष 2017 से लेकर वर्ष 2026 तक एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम तथा अन्य आपराधिक धाराओं के तहत कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सहसपुर, विकासनगर, बड़कोट और कोतवाली उत्तरकाशी थानों में पंजीकृत मामले शामिल हैं। देहरादून पुलिस द्वारा भी उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
अभियुक्ता की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह तथा महिला कांस्टेबल कविता जोशी शामिल रहे।


