spot_img

चंडीघाट में दर्दनाक हादसा, दो मासूम बहनों को कार ने कुचला, एक की मौत; सुमननगर में ट्रक हादसे में चालक की जान गई

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

हरिद्वार: श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट बस्ती में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रही दो मासूम बहनों को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, चंडीघाट बस्ती निवासी राजकिशोर की पांच वर्षीय बेटी अनिता और तीन वर्षीय सरिता गुरुवार सुबह घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन वर्षीय सरिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिता गंभीर रूप से घायल हो गई।

चालक मौके से फरार

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई। लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन समेत फरार हो गया। घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार, परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है। घटना के बाद घर और बस्ती में शोक का माहौल है।

श्यामपुर सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

सुमननगर में ट्रक हादसा, चालक की मौत

उधर, सुमननगर क्षेत्र में पथरी पुल के पास देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर रौ नदी किनारे बनी सुरक्षा दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान चंदन जोशी (28) पुत्र सर्वेश कुमार, निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-
Download Appspot_img