किच्छा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किच्छा क्षेत्र में क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। नैदानिक स्थापन अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई का नेतृत्व नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता की टीम ने किया। निरीक्षण के दौरान पांच क्लीनिक बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाए गए।
जांच में गुप्ता डेंटल केयर, गुरुकृपा क्लीनिक, अर्चना क्लीनिक, राहुल क्लीनिक और मित्रा क्लीनिक में पंजीकरण संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार बिना पंजीकरण चिकित्सा सेवाएं देना नियमों के विरुद्ध है। नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि सभी पांचों संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सीएमओ डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने कहा कि जिले में बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित क्लीनिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किच्छा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना पंजीकरण संचालित पांच क्लीनिक पकड़े


