देहरादून। उत्तराखंड में शुद्धीकरण विवाद को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। सोमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार के कार्यालय में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में कूच को सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। कांग्रेस जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है।
प्रीतम सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सोमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कूच महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, संविधान और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धीकरण मामले को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
राजकुमार ने कहा कि कथित शुद्धीकरण मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और इसे जायज ठहराने वालों पर भी सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी सरकार से सवाल किए।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि संविधान का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री आवास कूच को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में पार्षदों, कांग्रेस पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।


