देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने के आसार हैं। शुक्रवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कई क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज से अति तेज भी हो सकता है। सभी जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
देहरादून में गुरुवार को उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। यहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 21.2 और न्यूनतम 15.3 डिग्री रहा, जबकि यहां 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 26.2 और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिथौरागढ़ में 14.6 मिमी, खटीमा में चार मिमी और मसूरी में 0.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसों की घटनाएं भी सामने आईं। ज्योतिर्मठ क्षेत्र में बदरीनाथ से 25 यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही बस गुरुवार को लामबगड़ के पास ब्रेक फेल होने और स्टेयरिंग लॉक होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पत्थर से टकरा गई। सूचना मिलते ही गोविंदघाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने सभी यात्रियों को दूसरे वाहन से हरिद्वार के लिए रवाना कर दिया।
वहीं नई टिहरी के छाम थाना क्षेत्र में भी गुरुवार सुबह एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नागराजाधार में करीब 5:40 बजे ब्रेक फेल होने के कारण पिकअप सड़क से नीचे जा गिरी और चीड़ के पेड़ में अटक गई। हादसे के समय वाहन में चालक कमल (37) पुत्र अशोक निवासी विलसंडा, पीलीभीत सवार था। वाहन में फंसे चालक को पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया कि पिकअप देहरादून से उत्तरकाशी की ओर जा रही थी और उसमें ऑनलाइन डिलीवरी से संबंधित सामान लदा हुआ था। लगातार बदलते मौसम और बारिश की संभावना को देखते हुए पहाड़ी मार्गों पर वाहन चालकों और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


