मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद श्री दिनेश आर्य ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री दिनेश आर्य को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री आर्य अपने अनुभव, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण के माध्यम से संसद में उत्तराखंड की जनभावनाओं और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश के विकास, जनकल्याण और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री आर्य प्रदेश के विकास को नई गति देने तथा राज्य की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने श्री आर्य के सफल एवं उज्ज्वल संसदीय कार्यकाल की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके प्रयासों से उत्तराखंड के विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को और मजबूती मिलेगी।





