उत्तरकाशी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद निर्वाचक नामावली में छूटे पात्र मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए उत्तरकाशी जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर यह तीन दिवसीय अभियान आठ अक्टूबर से शुरू हुआ है, जो 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
अभियान के तहत सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित कर बूथ स्तर पर मतदाता सूची का गहन परीक्षण किया जा रहा है। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) वर्तमान निर्वाचक नामावली का पूर्व की मतदाता सूची से मिलान कर ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित कर रहे हैं, जिनके नाम सूची में दर्ज होने से छूट गए हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को भी पंजीकरण के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है। उन्होंने अभियान के तहत बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सावधानीपूर्वक परीक्षण करने पर जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता के रूप में पंजीकरण से वंचित न रहे।
अभियान के अगले चरण में 12 से 20 अक्टूबर तक बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान चिह्नित मतदाताओं के विवरण की जांच की जाएगी। साथ ही पात्र पाए जाने वाले ऐसे नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन बनाने के साथ ही सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करना है।





