देहरादून। नीट-यूजी की स्ट्रे वेकेंसी काउंसलिंग में एमबीबीएस या बीडीएस की सीट आवंटित होने के बाद निर्धारित समय पर प्रवेश नहीं लेना अभ्यर्थियों को भारी पड़ सकता है। ऐसे अभ्यर्थियों को एक वर्ष के लिए नीट-यूजी की प्रवेश प्रक्रिया से प्रतिबंधित करने के साथ ही उनकी धरोहर राशि भी जब्त कर ली जाएगी। एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने प्रदेश में चिकित्सा पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसलिंग के अंतिम चरण से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, स्ट्रे वेकेंसी राउंड के लिए बुधवार शाम पांच बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क भुगतान और कॉलेजों के विकल्प भरने का अवसर दिया गया है। सीटों का आवंटन 22 अक्टूबर को किया जाएगा, जबकि प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को समयसीमा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल के अनुसार, पहले, दूसरे और तीसरे चरण में पंजीकरण कराने के बावजूद सीट प्राप्त नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थी स्ट्रे वेकेंसी राउंड में आवेदन कर सकते हैं। पहले के चरणों में पंजीकरण नहीं कराने वाले पात्र अभ्यर्थियों को भी इस चरण में अवसर दिया गया है। हालांकि, केंद्र या राज्य की काउंसलिंग के माध्यम से किसी सीट पर प्रवेश ले चुके अभ्यर्थी इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे। इसी तरह तीसरे चरण में सीट आवंटित होने के बावजूद निर्धारित समय पर प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों को भी स्ट्रे वेकेंसी राउंड से बाहर रखा गया है।
इस चरण में सभी पात्र अभ्यर्थियों को नए सिरे से पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर कॉलेजों के विकल्प भरने होंगे। पूर्व के काउंसलिंग चरणों में भरे गए विकल्प स्वतः निरस्त माने जाएंगे। पंजीकरण शुल्क 4,500 रुपये निर्धारित किया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही पंजीकरण शुल्क और धरोहर राशि जमा कर दी है तथा उनकी धरोहर राशि जब्त नहीं हुई है, उन्हें दोबारा यह राशि जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को निवास, श्रेणी और उपश्रेणी से संबंधित प्रमाण पत्रों की वैधता और जारी होने की तिथि का विशेष ध्यान रखना होगा। संबंधित प्रमाण पत्र आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जारी होने चाहिए। सीट आवंटित होने के बाद प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को कॉलेज का विकल्प भरने से पहले संबंधित संस्थान की फीस, बांड की शर्तों और सीट की मान्यता के संबंध में पूरी जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी है। काउंसलिंग के अंतिम चरण में विकल्प भरते समय सावधानी बरतने और सीट आवंटित होने की स्थिति में निर्धारित समय के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया है।





