देहरादून। प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर से शुरू होगी। गढ़वाल मंडल में चमोली जिले के बदरीनाथ धाम और कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि 22 से 26 अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा के माध्यम से बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया जाएगा। यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होंगे।
कांग्रेस के अनुसार, न्याय यात्रा के तहत प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली का विरोध किया जाएगा। यात्रा गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में निकाली जाएगी। इसके बाद हरिद्वार और ऋषिकेश होते हुए सभी वरिष्ठ नेता 26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेंगे। वहीं, 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस भवन में जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रा की रूपरेखा और संगठन की भागीदारी पर चर्चा की गई। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल कानून व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उनके अनुसार, भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को जनता तक पहुंचाने के साथ ही आम लोगों की समस्याओं को भी सुना जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने न्याय यात्रा को प्रदेश की जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय से जुड़े मुद्दों को उठाने का अभियान बताया। पार्टी का कहना है कि यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों की समस्याओं को समझा जाएगा और उन्हें राजनीतिक मंच पर उठाया जाएगा।





