spot_img
spot_img

चारों धामों में शीतकालीन यात्रा की व्यवस्थाओं की कमिश्नर स्तर पर होगी निगरानी

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

उत्तरकाशी। जनपद में बीते दो दिनों से बिगड़े मौसम, डिप्रेशन, बारिश और बर्फबारी के चलते चारधाम यात्रा पर अस्थायी रूप से रोक लगानी पड़ी। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने एहतियातन कल शाम यात्रा और यातायात को रोक दिया था। हालांकि, मौसम की स्थिति में सुधार और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से मार्ग की मरम्मत एवं दुरुस्ती का कार्य पूरा किए जाने के बाद सुबह यात्रा और यातायात को फिर से सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मौसम की मौजूदा स्थिति, यात्रा संचालन और आगामी शीतकालीन यात्रा की तैयारियों को लेकर जानकारी साझा की।

जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी शीतकालीन यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे हैं। चारों धामों में शीतकालीन प्रवास के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही चारों धामों की व्यवस्थाओं और तैयारियों की कमिश्नर स्तर पर सीधे निगरानी की जा रही है, ताकि शीतकालीन यात्रा का संचालन व्यवस्थित और सुचारू ढंग से किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना जनपद और प्रदेश के पर्यटन एवं धार्मिक महत्व के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा है। यात्रा के सफल संचालन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही सड़क निर्माण एजेंसियों तथा मीडिया का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मीडिया ने सकारात्मक समाचारों और व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारियों को देशभर तक पहुंचाया, जिससे श्रद्धालुओं में यात्रा की सुरक्षा को लेकर विश्वास बना और बड़ी संख्या में लोग बिना किसी झिझक के धामों की यात्रा पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का लाभ धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और आस्था को भी मजबूती मिली है। साथ ही स्थानीय बाजारों, होमस्टे और पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी प्रोत्साहन मिला है। यात्रा से स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर बढ़े हैं और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है।

जिलाधिकारी ने यात्रा संचालन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सड़क निर्माण एजेंसियों, मीडिया प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगामी शीतकालीन यात्रा के लिए भी सभी संबंधित विभागों के समन्वय से तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img