spot_img
spot_img

अमित शाह की जनसभा और धनतेरस को लेकर देहरादून का ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

देहरादून। राजधानी में छह नवंबर को परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और धनतेरस पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। वहीं, परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास कार्यक्रम के दौरान जीरो जोन लागू रहेगा। यातायात पुलिस ने आमजन से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन से सफर करने की अपील की है।

 

परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन

 

जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी होकर गुजरेंगे। वहीं, आराघर चौक से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।

 

जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग रूट

 

हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए रोजगार तिराहे तक पहुंचेंगी। यात्रियों को पानी की टंकी के पास उतारने के बाद बसें सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।

 

रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक और लैंसडाउन चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बसें बन्नू स्कूल में पार्क की जाएंगी।

 

सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी और गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी। विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर और ओरिएंट चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग भी गुरुद्वारा ग्राउंड में रहेगी।

 

वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए पार्किंग

 

वीआईपी वाहनों के लिए शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है। छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था रहेगी। बसों को बन्नू स्कूल ग्राउंड, गुरुद्वारा ग्राउंड और गुरु नानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्क किया जाएगा।

 

पुलिस लाइन के आसपास भी जीरो जोन

 

पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहा से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नेगी तिराहा से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं, बन्नू चौक से नेगी तिराहा आने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक होते हुए गुजरेंगे।

 

वीआईपी वाहनों के लिए पुलिस लाइन शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन और एमटी सेक्शन ग्राउंड में पार्किंग रहेगी। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स निर्धारित किया गया है।

 

धनतेरस पर बाजारों के लिए भी पार्किंग तय

 

धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था की है। धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में वाहन पार्क कर सकेंगे। नेहरू कॉलोनी आने वाले लोगों के लिए जीएसटी ऑफिस के दोनों ओर लिंक रोड पर और रिस्पना क्षेत्र में खरीदारी करने वालों के लिए राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के पास सड़क किनारे पार्किंग निर्धारित की गई है।

 

प्रेमनगर बाजार आने वाले लोगों के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वालों के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

 

अलग-अलग क्षेत्रों से आने वालों के लिए पार्किंग स्थल

 

सहस्रधारा, रायपुर, राजपुर और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए सर्वे चौक के पास, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरेज पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्किंग रहेगी।

 

चकराता रोड और जीएमएस रोड से आने वाले वाहन जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्क किए जा सकेंगे। ईसी रोड, रिस्पना पुल और धर्मपुर क्षेत्र से आने वालों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में व्यवस्था की गई है।

 

सहारनपुर चौक और पटेलनगर क्षेत्र से आने वाले वाहन पुराने बस अड्डे, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर में पार्क किए जा सकेंगे। पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग निर्धारित की गई है। रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज में दोपहर तीन बजे से पार्किंग उपलब्ध होगी।

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img