देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनके मंच पर पहुंचते ही पूरा परेड ग्राउंड मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें उत्तराखंड की टोपी और गंगाजली भेंट की। साथ ही समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। गृह मंत्री ने प्रदेश को 1474 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा
गृह मंत्री अमित शाह ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज राहुल गांधी तक पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि वह गुजरात से आए हैं और उनकी दृढ़ मान्यता है कि जो व्यक्ति चारधाम नहीं जाता, उसके लिए मोक्ष का द्वार नहीं खुलता। देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम, हेमकुंड साहिब और कुंभ का प्रमुख केंद्र हरिद्वार है।
अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि आज उन्हें याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने पर्वतीय क्षेत्र के लोगों की इच्छा के अनुरूप उत्तराखंड राज्य का गठन किया था। इस दौरान उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और बलिदानियों को नमन किया। शाह ने कहा कि उत्तराखंड को अटल ने बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवारा है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का पहला पड़ाव विकसित उत्तराखंड है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश को विकसित बनाने का संकल्प लेना होगा।
सीएम धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ ठोस निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस से पहले गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।
धामी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुछ दल युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहने पर राजनीतिक दल एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं, जबकि सत्ता में रहते हुए चुनाव से जुड़े फैसलों को सही बताते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को उत्तराखंड के मान-सम्मान की चिंता नहीं है और वे राज्य का नाम रोशन करने वालों का अपमान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सहयोगी दलों के नेता उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों में प्रदेश को बेहतर स्थान मिला है और खनन के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार का सहयोग प्राप्त हुआ है। उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। नकल विरोधी कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। धामी ने कहा कि देवभूमि की जनता विकास चाहती है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर
परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह के बाद अमित शाह शाम को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित राजकीय समारोह में शामिल होंगे। यहां उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान यानी प्रेसिडेंट्स कलर से अलंकृत किया जाएगा।
अंकिता भंडारी मामले को लेकर विरोध, कार्यकर्ता हिरासत में
अमित शाह के दौरे के दौरान अंकिता भंडारी मामले को लेकर भी विरोध प्रदर्शन हुए। गांधी पार्क से गृह मंत्री का विरोध करने जा रहे अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, गृह मंत्री के परेड ग्राउंड पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीती रात नारे लिखकर विरोध जताया।
डोईवाला में देहरादून एयरपोर्ट के समीप काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। प्रदर्शनकारियों ने एयरपोर्ट के पास आसमान में काले गुब्बारे भी छोड़े। कांग्रेस कार्यकर्ता अंकिता भंडारी मामले में दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। राज्योत्सव समारोह में गृह मंत्री की मौजूदगी प्रदेश के स्थापना दिवस से जुड़े आयोजनों का प्रमुख आकर्षण रही।





