देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मध्य प्रदेश के भोपाल में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माताजी श्रीमती काशी बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।






