हल्द्वानी। शहर में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। छठ पूजा स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शाम होते-होते घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पूजा-अर्चना कर अस्त होते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।
छठ पूजा के अवसर पर घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पूजा की टोकरी में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद लेकर श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। पूरे वातावरण में छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों की गूंज सुनाई दी।मान्यता है कि छठ पर्व पर सूर्य देव और छठी मैया की आराधना करने से परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। इस कठिन व्रत में श्रद्धालु लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ पूजा-अर्चना करते हैं।
छठ महापर्व का समापन कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। हल्द्वानी में छठ पूजा के इस आयोजन ने एक बार फिर लोक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता की खूबसूरत तस्वीर पेश की है।





