मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड, देहरादून में निःशुल्क मोबाईल टैबलेट योजना के क्रियान्वयन हेतु आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय की 100 छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट प्रदान किये। शनिवार को यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 70 विधानसभाओं में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड में ऑडिटोरियम बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना काल में ऑनलाईन पढ़ाई के लिए बच्चों को पढ़ाई के लिए काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। बच्चों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा उनके लिए टैबलेट उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वे बच्चों के बीच जाते हैं, तो उनकी बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अपने उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए सबको समय का सदुपयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि जीवन में जो भी कार्य करें, पूर्ण मनोयोग से करें। विकल्प रहित संकल्प के साथ सबको जीवन में आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एक युवा देश है। देश की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु वर्ग की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। भारत आत्मनिर्भर भारत बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की कि कोविड के नये वेरिएंट ओमीक्रोन से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोविड एप्रोप्रिएट विहेवियर का पालन जरूर करें। कोरोना से बचाव के लिए सरकार द्वारा पूरी तैयारी की गई है, लेकिन इससे बचाव के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर सचिव शिक्षा श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार, शिक्षा महानिदेशक श्री वंशीधर तिवारी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्रीमती सीमा जौनसारी, निदेशक एस.सी.ई.आर.टी श्री आर. के कुंवर, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून डॉ. मुकुल कुमार सती, प्रधानाचार्या राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड श्रीमती प्रेमलता बौड़ाई, स्कूल की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद थे।


