हरिद्वार।
अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष को शांतिकुंज उनके विचारों, संस्कारों और मानवीय मूल्यों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के अभियान के रूप में मना रहा है। इसी क्रम में शांतिकुंज के प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या ने ब्रिटेन प्रवास के दौरान लंदन में विभिन्न प्रतिष्ठित हस्तियों से मुलाकात कर जन्मशताब्दी वर्ष के संदेश और भारतीय अध्यात्म की वैश्विक प्रासंगिकता पर चर्चा की।
शांतिकुंज द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार डॉ. पंड्या ने हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य लॉर्ड रसेल रूक से भेंट कर उन्हें अखिल विश्व गायत्री परिवार की आध्यात्मिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन्मशताब्दी वर्ष का उद्देश्य श्रेष्ठ विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर समाज में सेवा, संस्कार और सद्भाव की चेतना को सशक्त बनाना है। इस दौरान आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव कल्याण के लिए विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा डॉ. पंड्या ने अंतरराष्ट्रीय वित्त एवं उद्यमिता क्षेत्र की विशेषज्ञ एलेन फू से भी मुलाकात की। उन्होंने उन्हें शांतिकुंज की विभिन्न गतिविधियों, गायत्री परिवार के वैश्विक सेवा अभियानों तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उद्देश्यों से अवगत कराया और विश्वविद्यालय आने का आमंत्रण दिया।
शांतिकुंज मीडिया विभाग के अनुसार वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को विश्व चेतना से जोड़ने का संकल्प पर्व है। लंदन में हुए ये संवाद इसी संकल्प की अंतरराष्ट्रीय अभिव्यक्ति हैं, जहां भारतीय अध्यात्म और मानवीय मूल्यों ने वैश्विक सहयोग की नई संभावनाओं को स्पर्श किया।


