spot_img
spot_img

नवाचार और आत्मनिर्भरता का संगम, देहरादून में हुआ राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव का भव्य आयोजन

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट में शनिवार को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत एक दिवसीय राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने एमयूवाई ओलम्पिक्स का शुभारंभ करते हुए उद्यमिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 51 लाभार्थियों को सम्मानित किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और लोक कल्याणकारी सोच के साथ सर्वांगीण विकास को नई गति मिली है। उन्होंने ग्राम्य विकास एवं लघु एवं सूक्ष्म उद्यम विभागों की जिम्मेदारी सौंपने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने आमजन से विकास कार्यों में सुझाव देकर भागीदारी निभाने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि पहले दूरस्थ गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की कमी के कारण पलायन एक गंभीर समस्या थी, लेकिन अब सरकार द्वारा सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार योजनाओं के विस्तार से हालात तेजी से बदल रहे हैं। आज हजारों महिलाएं उद्यमिता से जुड़कर ‘लखपति दीदी’ बन रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हैं। स्वयं सहायता समूहों और एमएसएमई के तहत संचालित उद्यम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रहे हैं।

महोत्सव में 13 ‘लखपति दीदी’, 13 रीप सहायतित उद्यमी, 13 मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के उद्यमी तथा दो स्वयं सहायता समूहों के 12 सदस्यों सहित कुल 51 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही क्रेडिट क्लिनिक, उद्यम पंजीकरण और ट्रेडमार्क डिजिटल ऑनबोर्डिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एमयूवाई ओलम्पिक्स में 100 प्रतिभागियों ने अपने नवाचारी व्यवसायिक विचार प्रस्तुत किए, जिनमें से 18 श्रेष्ठ अवधारणाओं का चयन कर विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही एमयूवाई वेबसाइट और त्रैमासिक न्यूजलेटर का भी शुभारंभ किया गया, जिससे राज्य के सभी जनपदों में उद्यमिता संबंधी जानकारी, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ाव को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में राज्य के 13 जनपदों के उद्यमियों द्वारा एमयूवाई एक्सपो में स्थानीय उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन भी किया गया। ग्राम्य विकास की अपर सचिव एवं एमयूवाई परियोजना समन्वयक झरना कमठान ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करना है।

इस अवसर पर अपर सचिव/परियोजना समन्वय एमयूवाई झरना कमठान, आयुक्त एवं अपर सचिव ग्राम्य विकास अनुराधा पाल, अपर आयुक्त ग्राम्य विकास भरत चन्द्र भट्ट, संयुक्त आयुक्त संजय कुमार सिंह, उपायुक्त नरेश कुमार, उपायुक्त एके राजपूत, सीईओ डॉ प्रभाकर बेवनी, एसीईओ प्रदीप पांडेय, उप निदेशक ग्रामोत्थान महेन्द्र यादव सहित अनेक अधिकारी, उद्यमी, लखपति दीदी एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्य मौजूद थे।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img
spot_img