spot_img
spot_img

बिना लाइसेंस और निर्माण व एक्सपायरी तिथि के बिना कुट्टू आटा बेचने पर दो कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर सिडकुल क्षेत्र के महादेवपुरम एवं शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित होलसेल एवं खाद्य कारोबारियों और सप्लाई वाहनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महादेवपुरम स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर में खुला कुट्टू का आटा संग्रहित कर बिक्री के लिए रखा पाया गया। आटे के बैग पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से कुट्टू के आटे का एक नमूना लिया तथा शेष 5 किलो आटे को नष्ट करा दिया।
इसी दौरान महादेवपुरम क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक हर्षित अवस्थी को प्लास्टिक बैग में रखकर 10 किलो खुला कुट्टू का आटा सप्लाई करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि ई-रिक्शा के मालिक एवं कुट्टू आटे के सप्लायर शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट, सिडकुल स्थित महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार पुत्र श्री रोहिताश हैं।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम चालक हर्षित अवस्थी को साथ लेकर महादेव ट्रेडर्स पहुंची और प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां से भी कुट्टू के आटे का एक नमूना लिया गया। इसके उपरांत मौके पर शेष 8 किलो खुले कुट्टू के आटे को गड्ढे में दबाकर नष्ट कराया गया। इस प्रकार दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 13 किलो कुट्टू का आटा नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने तथा निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना खुले कुट्टू के आटे की बिक्री करने के मामले में महादेवपुरम स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर के मालिक शैलेष कुमार पुत्र राम ईश्वर और शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर कराया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img