spot_img
spot_img

कुंभ-2027 की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक तक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

कुंभ मेला-2027 के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए हरिद्वार में प्रमुख मार्गों, प्रवेश क्षेत्रों और चौराहों को बेहतर स्वरूप देने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मेला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी के साथ ही स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर कुंभ की तैयारियों और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई, सुरक्षा, सड़क सुधार, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप के प्रवेश द्वार, आईरिस पुल के आसपास तथा फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पीआईयू के अधिकारियों को इन स्थानों पर जमा मलबा हटाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सौंदर्यीकरण के कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही, सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थानों पर दीवार का निर्माण कराने को कहा, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों के विकास में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के साथ सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराएं।

मेलाधिकारी ने आईरिस पुल का निरीक्षण करते हुए कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों और पुलों के आसपास की व्यवस्थाएं सुचारु और सुरक्षित होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारी स्थलीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दें।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक क्षेत्र में सौंदर्यीकरण एवं फसाड संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र को आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने डाम कोठी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया।

मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शंकराचार्य चौक और आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध स्थान तथा सड़क की स्थिति के अनुरूप आकर्षक साज-सज्जा की जाए। सड़क किनारे लगे विद्युत एवं अन्य पोलों को यातायात और आवागमन में बाधा बनने से रोकने के लिए सड़क क्षेत्र से बाहर उपयुक्त स्थानों पर स्थापित करने की कार्रवाई की जाए। इस संबंध में उन्होंने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) और नगर निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए किए जा रहे विकास कार्यों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ शहर के समग्र स्वरूप को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाए। प्रमुख मार्गों, चौराहों और प्रवेश क्षेत्रों का विकास इस प्रकार किया जाए कि आवागमन सुगम रहे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरे करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार, एचआरडीए के सचिव श्री प्रत्यूष सिंह, उद्यान अधिकारी श्री ए.आर. जोशी, पीआईयू के अभियंता श्री सरीन कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img