देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गौ माता को तिलक लगाया और पुष्पमाला पहनाकर पूजा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था तथा कृतज्ञता को प्रकट करता है। भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है और गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग रहा है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा और संरक्षण हमारी परंपराओं के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की प्रेरणा देता है। यह पर्व सभी जीवों के प्रति करुणा, दया और संवेदनशीलता का भाव विकसित करने का संदेश भी देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। प्रकृति के प्रति सम्मान और जीवों के प्रति संवेदनशीलता अपनाकर ही संतुलित एवं समृद्ध समाज की कल्पना को साकार किया जा सकता है।





