प्रदेश के 26वें राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय राज्योत्सव एवं मिनी सरस आजीविका मेले का शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य शामिल हुए। इस दौरान लोकगीतों, पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित ओपन फैशन शो के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक पहनावे को प्रदर्शित किया गया। मेले में स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की जानकारी ली और स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग की ओर से जोशियाड़ा में आयोजित बेसिक कयाकिंग प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, गंगा-यमुना कृषक उत्पादक संगठन के तत्वावधान में आयोजित लक्की ड्रॉ बंपर धमाका के विजेताओं के नामों की घोषणा कर उन्हें पुरस्कार वितरित किए गए। लक्की ड्रॉ में इलेक्ट्रिक स्कूटी, इलेक्ट्रिक साइकिल, स्थानीय उत्पादों के गिफ्ट हैंपर, ऊनी वस्त्र, तांबे की बोतल, सिलबट्टा ग्राइंडर, सेब की पेटियां और इंडक्शन चूल्हे सहित विभिन्न आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही मेले में सर्वाधिक बिक्री करने वाले आजीविका समूहों के स्टॉल संचालकों को भी सम्मानित किया गया।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, कृषि और स्थानीय उत्पादों से है। स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं समूहों के माध्यम से स्थानीय संसाधनों से विभिन्न उत्पाद तैयार कर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। सरकार की ओर से भी इन समूहों को प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और बाजार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने, उनकी पहचान स्थापित करने और ग्रामीण उद्यमों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन समारोह में दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भद्री प्रसाद सेमवाल, अवतार नेगी, विक्रम पंवार, भजन सिंह राणा, जितेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र डंगवाल, मनोज चौहान, जगवीर बिष्ट, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, लीड बैंक प्रबंधक ब्रह्मानंद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, प्रभारी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र वैभव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी यशोदा बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुधीर जोशी एवं मनवीर रावत ने किया।





