राज्य स्थापना वर्ष 2026 के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त भारत अभियान की छठवीं वर्षगांठ पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी के ऑडिटोरियम हॉल में करियर काउंसलिंग एवं संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा, करियर और भविष्य के लक्ष्यों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा, प्रांतीय सिविल सेवा, शिक्षा, वन एवं वानिकी, भारतीय सेना, स्वास्थ्य, खेल और संगीत सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक रणनीति भी समझाई।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं को उनके सपनों और लक्ष्यों से दूर ले जाता है, जबकि शिक्षा, संकल्प, अनुशासन और सही मार्गदर्शन सफलता का रास्ता प्रशस्त करते हैं। युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने से व्यक्ति का भविष्य ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले स्वयं को समझना और अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट होना जरूरी है। प्रसन्नता, अनुशासन, समय का सदुपयोग, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, आत्मविश्वास, धैर्य और संयम सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर पूरे समर्पण एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इसके साथ ही शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है।
अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा ने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने की सलाह देते हुए कहा कि पुस्तकों को अपना मित्र बनाएं और अच्छे साहित्य का नियमित अध्ययन करें। उन्होंने माता-पिता एवं सकारात्मक सोच रखने वाले मित्रों के संपर्क में रहने, समय प्रबंधन अपनाने और निरंतर मेहनत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार ही मोबाइल फोन का उपयोग करना चाहिए, ताकि पढ़ाई और लक्ष्य से ध्यान न भटके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वास्थ्य विभाग में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न पदों के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता और चयन प्रक्रिया की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन किया। सेवानिवृत्त मेजर आरएस जमनाल ने भारतीय सेना में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को अनुशासन, नियमित व्यायाम, योग, शारीरिक दक्षता और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताया। अन्य अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों और आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी।
संवाद सत्र के दौरान महाविद्यालय की छात्राएं सरण्य थपलियाल एवं कुमुद पंवार तथा छात्र केशव नौटियाल ने विद्यार्थियों की ओर से अधिकारियों के समक्ष विभिन्न प्रश्न रखे। अन्य छात्र-छात्राओं ने भी करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक सुझाव दिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत ने अधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं से विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी मिलती है और उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को समाज कल्याण विभाग की ओर से मेडल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपस्थित छात्र-छात्राओं को अभियान के संदेश से जुड़ी टी-शर्ट, कप एवं स्मृति चिह्न वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, उपनिदेशक मत्स्य नितेश, सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव, एसडीओ वन सुनील बलूनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, सेवानिवृत्त मेजर आरएस जमनाल, गंगोत्री फिजिकल अकादमी के संस्थापक चंद्र मोहन पंवार तथा स्पोर्ट्स स्टेडियम मनेरा के कोच मनीष एवं कृतिका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी अपर/सहायक समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी ने किया।





