हरिद्वार: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार से तीन दिवसीय प्रवास पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। 20 से 22 नवंबर तक प्रवास के दौरान वे रुड़की और हरिद्वार में क्षेत्र व प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संवाद करेंगे। इस दौरान संघ के शताब्दी वर्ष के तहत पूरे वर्ष संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा के साथ समसामयिक राष्ट्रीय व सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने बताया कि प्रवास के दौरान समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के उद्देश्य से संघ की ओर से संचालित पंच परिवर्तन के विषयों पर चर्चा होगी। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध (स्वदेशी) और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि देशभर में नशामुक्ति जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इन विषयों को लेकर संघ के कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के साथ मिलकर किस तरह भूमिका निभाएं और सामाजिक सहभागिता के साथ इन प्रयासों को आगे बढ़ाएं, इस पर भी संवाद होगा।
प्रवास के दौरान डॉ. मोहन भागवत हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में भी शामिल होंगे। दिनेश सेमवाल ने बताया कि गायत्री परिवार ने अध्यात्म, संस्कार, शिक्षा, सामाजिक जागरण, नशामुक्ति और समाज सुधार समेत अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।





