हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा, कुंभ और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ के दबाव के बीच शहर की प्रभावी वहन क्षमता (कैरींग कैपेसिटी) आधे से भी कम रह गई है। पर्वत मंथन कॉन्क्लेव में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस संबंध में रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट में क्षमता घटने के पीछे पर्यावरणीय परिस्थितियों और कमजोर प्रबंधन को प्रमुख कारण बताया गया है।
अध्ययन के अनुसार, 24.99 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैले हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र की भौतिक क्षमता 36,98,401 लोगों की आंकी गई है। पर्यावरणीय और मौसमी बाधाओं को शामिल करने के बाद वास्तविक क्षमता घटकर 29,17,704 रह जाती है। वहीं, मौजूदा प्रबंधन व्यवस्था का आकलन करने के बाद शहर की प्रभावी क्षमता महज 14,39,446 लोगों की रह गई है।
रिपोर्ट में क्षमता घटने के पीछे पर्यावरणीय चुनौतियों और प्रबंधन की कमियों को प्रमुख वजह बताया गया है। बारिश के दौरान गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों का सुरक्षित क्षेत्र कम हो जाता है और कई बार घाट बंद करने पड़ते हैं। इसके अलावा बाढ़ क्षेत्र, भीषण गर्मी, पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र और नो-कंस्ट्रक्शन जोन के कारण उपलब्ध स्थान का पूरा उपयोग नहीं हो पाता।
बुनियादी सुविधाओं की कमी से घट रही प्रभावी क्षमता
रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अनुपात में बुनियादी सुविधाओं की कमी भी क्षमता को प्रभावित कर रही है। घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ेदानों व चेंजिंग रूम की सीमित संख्या, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज नेटवर्क, वेस्टवाटर ट्रीटमेंट, सार्वजनिक शौचालय, कचरा संग्रहण और रीसाइक्लिंग, पार्किंग, ठहरने की व्यवस्था तथा यातायात सुगमता जैसे मानकों पर प्रबंधन की स्थिति कमजोर है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगले वर्ष प्रस्तावित कुंभ के अलावा कांवड़ यात्रा और प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए स्वच्छता, पार्किंग, सीवरेज और घाट प्रबंधन को समय रहते दुरुस्त करना जरूरी है।
क्या हैं क्षमता के तीन स्तर?
* भौतिक क्षमता (36.98 लाख): आवासीय, व्यावसायिक, शैक्षणिक, संस्थागत क्षेत्र, खुले मैदानों और धार्मिक स्थलों के कुल उपलब्ध क्षेत्रफल तथा प्रति व्यक्ति आवश्यक जगह के आधार पर तय अधिकतम सीमा।
* वास्तविक क्षमता (29.17 लाख): भौतिक क्षमता में से बाढ़, बारिश के दौरान जलस्तर बढ़ने, गर्मी और अन्य प्राकृतिक बाधाओं को घटाने के बाद बची क्षमता।
* प्रभावी क्षमता (14.39 लाख): पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, पार्किंग, यातायात और अन्य प्रबंधन व्यवस्थाओं की मौजूदा स्थिति के आधार पर शहर की वह क्षमता, जिसे वह सुरक्षित रूप से संभाल सकता है।





