हरिद्वार, 23 नवंबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 49 समस्याएं और शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। वन गुर्जर बजीर अली निवासी गैंडीखाता ने अपने डेरों के आसपास सोलर लाइट लगवाने की मांग की। वहीं बाबूराम सैनी ने ग्राम गुम्मावाला स्थित सरकारी नलकूप संख्या 99 जी को स्थानांतरित कर उनके गांव में स्थापित कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।
तेजेंद्र सिंह ने ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में मारुति शोरूम के निकट स्थित पार्क और सर्विस रोड पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने तथा असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग उठाई। वहीं यशपाल सिंह, दाताराम, सचिन कुमार, रामकुमार और राव मुन्तवीर ने ग्राम कुतुबपुर के खेतों में आबादी का गंदा पानी, गोबर और कूड़ा-कचरा नालियों के माध्यम से पहुंचने से फसल खराब होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
रोहलकी किशनपुर निवासी मनोज कुमार ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में सिंचाई विभाग एवं राजस्व अभिलेखों में दर्ज रास्ते के खसरा नंबर 250, 249 और 294 पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग की। वहीं इक्कड़ खुर्द निवासी मोहम्मद जाकिर ने अपने घर से अकील के घर तक लगभग 100 फुट सड़क बनवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर मौके पर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा। समीक्षा में सीएम हेल्पलाइन के एल-1 स्तर पर 686 और एल-2 स्तर पर 184 शिकायतें लंबित पाई गईं। इस प्रकार कुल 870 शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, उप जिलाधिकारी नीतू डांगर, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और फरियादी मौजूद रहे।






