देहरादून। सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) की चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (आईडब्ल्यूएमआई) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) के संयुक्त तत्वावधान में 23 और 24 नवंबर को दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला का विषय ‘उत्तराखंड में नदी बेसिन स्तर पर जल प्रदूषण और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध के लिए वन हेल्थ हस्तक्षेपों का सह-निर्माण’ रखा गया है।
सीजीआईएआर के सस्टेनेबल एनिमल एंड एक्वेटिक फूड्स (एसएएएफ) कार्यक्रम तथा वन हेल्थ दृष्टिकोण के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण के स्रोतों, उनके प्रसार के मार्गों और रोगाणुरोधी प्रतिरोध से जुड़ी चुनौतियों को समझने पर चर्चा की जा रही है। इसका उद्देश्य केवल समस्याओं की पहचान करना नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के सहयोग से ऐसे समाधान विकसित करना है, जिन्हें धरातल पर लागू किया जा सके।
कार्यशाला में जल गुणवत्ता निगरानी और जलविज्ञान मॉडलिंग के माध्यम से सोंग नदी बेसिन के प्रदूषण एवं एएमआर हॉटस्पॉट की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए एसडब्ल्यूएटी प्लस और बीएफटीएम मॉडलिंग, डिजिटल ट्विन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पूर्वानुमान ढांचे का उपयोग करने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। इन वैज्ञानिक उपकरणों के माध्यम से नदी में प्रदूषण के स्रोतों, प्रवाह और संभावित प्रभावों का आकलन कर प्रभावी हस्तक्षेप की दिशा तय करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यशाला का एक प्रमुख उद्देश्य सोंग नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा वन हेल्थ मार्गदर्शक ढांचा तैयार करना भी है। इसके साथ ही भूमि, जल और खाद्य प्रणालियों में प्रदूषण तथा जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध को कम करने के लिए समाधान सूची विकसित करने पर चर्चा हो रही है। इसमें प्रदूषण के स्रोत से लेकर उसके संपर्क और प्रभाव तक की पूरी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए बहुक्षेत्रीय उपायों की पहचान की जाएगी।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि सचिव जलागम एवं मुख्य परियोजना निदेशक, डब्ल्यूएमडी दिलीप जावलकर ने कहा कि सोंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित और बेहतर बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए जल प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय के साथ नदी कायाकल्प को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि नदी की पारिस्थितिकी और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थानों को मिलकर ठोस प्रयास करने होंगे।
आईआईटी रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध की चुनौतियों से निपटने के लिए एकीकृत मॉडलिंग तथा विभिन्न हस्तक्षेपों के संभावित प्रभावों के आकलन पर जोर दिया। उन्होंने कार्यशाला के सत्र में एसडब्ल्यूएटी प्लस और बीएफटीएम मॉडलिंग के माध्यम से सोंग नदी बेसिन की स्थिति और विभिन्न हस्तक्षेप परिदृश्यों को प्रस्तुत किया। उन्होंने वैज्ञानिक आंकड़ों और मॉडलिंग के आधार पर नदी कायाकल्प की प्रभावी योजनाएं तैयार करने की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला में सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य और नदी कायाकल्प से जुड़े विभागों के साथ आईसीएआर, बीएआईएफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) तथा अन्य शोध एवं सरकारी संस्थानों के विशेषज्ञों की भागीदारी और समन्वय पर भी जोर दिया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के अनुभव और तकनीकी जानकारी को साझा करते हुए ऐसी संयुक्त कार्ययोजना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण नियंत्रण, जल प्रबंधन और जनस्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का समन्वित समाधान खोजा जा सके।





