spot_img
spot_img

बदरीनाथ धाम चढ़ावे में हेराफेरी: 300 पन्नों की SIT रिपोर्ट शासन को सौंपी, मंदिर व्यवस्था सुधारने के सुझाव भी

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

बदरीनाथ: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की रखवाली में कहां चूक हुई और आखिर किसकी जिम्मेदारी थी? करीब पांच माह तक चली जांच के बाद एसआईटी ने 300 पन्नों की रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। रिपोर्ट में मंदिर प्रबंधन की खामियों को उजागर करने के साथ ही व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए हैं। जांच समिति ने देश के 14 प्रमुख मंदिरों की प्रबंधन व्यवस्था, चढ़ावे की गिनती और सुरक्षा इंतजामों का अध्ययन कर बदरीनाथ धाम के लिए सुझाव तैयार किए हैं।

 

बदरीनाथ धाम में इसी साल 2 जुलाई को चढ़ावे में हेराफेरी का मामला सामने आया था। इसके बाद सरकार ने एसआईटी गठित की, जबकि पुलिस भी अलग से जांच में जुटी थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपों में घिरे बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल और राजेंद्र चौहान को 17 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। राजेंद्र चौहान पूर्व मंदिर अधिकारी थे, जो 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे।

 

गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप के नेतृत्व वाली तीन सदस्यीय एसआईटी ने बीकेटीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत 20 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल के लिए विशेषज्ञों की मदद ली गई। समिति ने जांच का दायरा केवल बदरीनाथ धाम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के 14 बड़े मंदिरों के ऐक्ट, प्रबंधन व्यवस्था, चढ़ावे की गिनती और सुरक्षा इंतजामों का भी अध्ययन किया।

 

मंदिर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए तकनीकी सुझाव

 

एसआईटी ने देश के प्रमुख मंदिरों में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं के आधार पर बदरीनाथ धाम के प्रबंधन में सुधार के सुझाव दिए हैं। इनमें श्रद्धालुओं के दर्शन को सुचारु बनाए रखने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, बायोमेट्रिक टोकन, आरएफआईडी बैंड और श्रद्धालुओं की कतारों को नियंत्रित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमता (AI) आधारित अत्याधुनिक कैमरों के इस्तेमाल जैसी व्यवस्थाओं का अध्ययन शामिल है।

 

एसआईटी की जांच रिपोर्ट मुख्य सचिव और सचिव पर्यटन को भेजी गई है।

 

### लंबे समय से नहीं, कुछ समय के अंतराल में हुआ चढ़ावे में खेल

 

एसआईटी की रिपोर्ट में बीकेटीसी की प्रबंधन व्यवस्था में खामियों का उल्लेख किया गया है। बदरीनाथ मंदिर के ऐक्ट में स्पष्ट प्रावधान है कि दान की धनराशि देवता की है, जबकि उसके प्रबंधन और देखरेख की जिम्मेदारी बीकेटीसी की है।

 

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि चढ़ावे में हेराफेरी लंबे समय से नहीं हो रही थी, बल्कि कुछ ही समय के अंतराल में इस पूरे मामले को अंजाम दिया गया। जांच समिति ने चढ़ावे की गिनती से जुड़ी आंतरिक व्यवस्था का भी परीक्षण किया। इसमें रोजाना ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के नाम, उनके आने-जाने का समय, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था और कार्यालय खुलने व बंद होने के समय जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया। सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों का भी मिलान किया गया।

 

बड़े मंदिरों में विशेषज्ञों के हाथों में प्रबंधन

 

एसआईटी ने देश के प्रमुख मंदिरों की संस्थागत व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। तिरुपति में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम, वैष्णो देवी में श्राइन बोर्ड और काशी विश्वनाथ मंदिर में मंदिर न्यास के माध्यम से व्यवस्थाएं संचालित होती हैं। इन संस्थाओं के प्रमुख आईएएस अधिकारी होते हैं और आईटी, सुरक्षा, स्वच्छता तथा जनसंपर्क जैसे विभागों के माध्यम से मंदिर व्यवस्थाओं का संचालन किया जाता है।

 

गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने बताया कि प्रकरण की जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। सरकार ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव मांगे थे। जांच समिति ने देश के बड़े मंदिरों में प्रबंधन और दान सामग्री की गिनती से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन कर महत्वपूर्ण सुझाव रिपोर्ट के साथ भेजे हैं।

 

कहीं कांच की दीवारों में गिनती, कहीं 360 डिग्री कैमरों से निगरानी

 

एसआईटी ने देश के प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे की गिनती से लेकर सुरक्षा और बैंक खातों में रकम जमा करने तक की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। इसके आधार पर बदरीनाथ धाम के लिए रिपोर्ट में कई सुझाव शामिल किए गए हैं।

 

\- कांच की दीवारों वाला गिनती कक्ष: तिरुपति जैसे मंदिरों में चढ़ावे की गिनती के लिए विशेष हॉल बनाए गए हैं। इन कक्षों में कांच की दीवारें होती हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया बाहर से भी देखी जा सकती है।

 

\- 360 डिग्री कैमरों से निगरानी: बड़े मंदिरों में गिनती कक्ष के हर कोने में हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं। कंट्रोल रूम से सुरक्षा अधिकारी गतिविधियों की लाइव निगरानी करते हैं और गिनती में शामिल कर्मचारियों पर भी नजर रखते हैं।

 

\- बिना जेब वाले कपड़े और सख्त तलाशी: गिनती में शामिल कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के लिए बिना जेब वाले कपड़ों की व्यवस्था की जाती है। परिसर में प्रवेश और बाहर निकलने के दौरान मेटल डिटेक्टर तथा सुरक्षाकर्मियों द्वारा तलाशी जैसे इंतजाम भी किए जाते हैं।

 

\- मशीनों से नकदी की गिनती: नोटों की गिनती, छंटाई और नकली नोटों की पहचान के लिए हाई-स्पीड काउंटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है। इस प्रक्रिया में सरकारी या निजी बैंकों के अधिकारियों की मौजूदगी रहती है और पूरी रकम मंदिर के खाते में जमा करने की व्यवस्था होती है।

 

\- सोने-चांदी और विदेशी करेंसी का अलग प्रबंधन: दान में मिलने वाले सोने-चांदी के आभूषणों का वजन और शुद्धता जांचने के लिए सरकारी ज्वैलर्स की व्यवस्था तथा विदेशी करेंसी बदलने के लिए अलग डेस्क जैसे इंतजामों का भी अध्ययन किया गया।

 

### तिरुपति समेत 14 बड़े मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन

 

बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए एसआईटी ने देशभर के 14 प्रमुख मंदिरों के ऐक्ट, प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया। इनमें शामिल हैं:

 

* काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी

 

* वैष्णो देवी मंदिर, जम्मू-कश्मीर

 

* अमरनाथ गुफा, जम्मू-कश्मीर

 

* स्वर्ण मंदिर, अमृतसर

 

* अक्षरधाम मंदिर, नई दिल्ली

 

* महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन

 

* जगन्नाथ मंदिर, पुरी

 

* रंगनाथस्वामी मंदिर, तमिलनाडु

 

* वेंकटेश्वर मंदिर (तिरुपति बालाजी), आंध्र प्रदेश

 

* मीनाक्षी अम्मन मंदिर, मदुरै

 

* बृहदेश्वर मंदिर, तमिलनाडु

 

* रामनाथस्वामी मंदिर, तमिलनाडु

 

* पद्मनाभस्वामी मंदिर, तिरुवनंतपुरम

 

* विरुपाक्ष मंदिर, कर्नाटक

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img