खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। खुशी की बात है कि नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को सुदृढ़ करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। दोनों देशों की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे आयोजन इन आत्मीय संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस मेले को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है। स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इसी क्रम में हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अटल आवास योजना के अंतर्गत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय और सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा तथा जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को विकसित किया जाएगा और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर वोकल फॉर लोकल का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






