देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब सियासी रंग लेता जा रहा है। रेखा आर्य द्वारा मारपीट और धमकी के आरोपों और एक ऑडियो सामने आने के बाद अब गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर पलटवार किया है।
साहू ने दावा किया है कि वायरल ऑडियो असली नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया गया है। उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे निराधार बताया है।
मुख्यमंत्री से लगाई जांच की गुहार
गिरधारी लाल साहू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी रेखा आर्य से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब किसी भी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए ताकि सच सामने आ सके।
210 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप
साहू ने यहीं नहीं रुके, उन्होंने रेखा आर्य पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास करीब 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग में पोषण आहार और राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा भ्रष्टाचार का विरोध किया है, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने रेखा आर्य को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए काफी मेहनत की है, चुनाव में उनके लिए समर्थन मांगा है और अब उन्हीं पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने रेखा आर्य से अपील की कि वह अपने आरोप वापस लें।
बता दें कि 15 अक्टूबर को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ मारपीट, उत्पीड़न, जालसाजी और जान से मारने की साजिश की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह विवाद सुर्खियों में आया।





