पिरान कलियर में साबिर पाक के सालाना उर्स मेले के दौरान अब्दाल साहब रोड पर दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। कहा सुनी से शुरू हुई बात जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसमें लाठी डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है और मौके पर अफरातफरी मच गई।
लंधौरा निवासी सबाज़ अहमद ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथियों के साथ कलियर मेले में आए थे। रात करीब 10 बजे अब्दाल साहब की ओर जाते समय कुछ लोगों से उनकी बहस हो गई।
आरोप है कि आरोपी ने अपने 8-10 साथियों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी डंडों और चाकू से हमला कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि जब उन्होंने विरोध किया, तो हमलावरों ने उनके सिर पर लाठी और धारदार हथियारों से वार किया, जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने गला दबाकर और ज़मीन पर घसीटकर उनकी जान लेने की कोशिश की। इस हाथापाई में सभी लोग घायल हो गए।
हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना में शामिल 8-10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


