spot_img

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, चलाया स्वच्छता अभियान

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

उत्तरकाशी।
जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी द्वारा गांधी वाचनालय में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, युवा कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण की सोच रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश के युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ते हुए 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार प्रदान किया, जिससे करोड़ों युवाओं को अपनी सरकार चुनने का संवैधानिक अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने लोकतंत्र को गांव-गांव तक मजबूत करने के उद्देश्य से त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था को अधिकार देकर पंचायतों को सशक्त बनाने का कार्य किया, जिससे ग्रामीण भारत को नई शक्ति प्राप्त हुई।

उन्होंने कहा कि आज देश में दिखाई देने वाली संचार क्रांति की नींव भी राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में रखी थी। कंप्यूटर, दूरसंचार और तकनीकी विकास को बढ़ावा देकर उन्होंने भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर किया। उस समय विरोध और आलोचनाओं के बावजूद उन्होंने आधुनिक तकनीक को अपनाने का साहसिक निर्णय लिया, जिसका परिणाम है कि आज भारत विश्व के अग्रणी डिजिटल देशों में शामिल है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी का सपना मजबूत, आधुनिक, वैज्ञानिक सोच वाला और आत्मनिर्भर भारत का था, जिसे कांग्रेस पार्टी आगे बढ़ाने का कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी राजीव गांधी के योगदानों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने सदैव भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

श्रद्धांजलि सभा के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी द्वारा हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि राजीव गांधी सदैव सेवा, विकास और जनभागीदारी की राजनीति में विश्वास रखते थे तथा कांग्रेस कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा के कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया कि वे राजीव गांधी की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और देशहित की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के संघर्ष को और मजबूत बनाएंगे।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, शीशपाल पोखरियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष (आरजीपीएस) पपेंद्र नेगी, जिला संयोजक (आरजीपीएस) दिनेश गौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष (ओबीसी मोर्चा) विजेंद्र नौटियाल, पूर्व प्रमुख डुंडा कनकपाल सिंह परमार, कांग्रेस सेवादल संयोजक कमल सिंह रावत, पूर्व सभासद कविता जोगेला, एकादशी देवी, मधु रावत, सभासद मनीष पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस सुधीश पंवार, व्यापार मंडल जोशियाड़ा अध्यक्ष उत्तम सिंह गुसाईं, पूर्व प्रधान ढासड़ा अनवीर पंवार, पूर्व प्रधान सिरी जीतम सिंह रावत, सूरज रावत, राजेश भट्ट, भगवान चंद, पट्टी अध्यक्ष गाजणा शेर सिंह रावत, विवेक मिनान सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और सेवा दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img
spot_img