देहरादून। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छह नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले समारोह और भाजपा की प्रस्तावित पदयात्रा में शामिल होने पहुंच रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वह पहले परेड ग्राउंड में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री को पहले पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन अब उनका कार्यक्रम बदल गया है। शाह परेड ग्राउंड में होने वाली पदयात्रा रैली में करीब दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर शासन और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के दल के साथ परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल होंगे।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सुरक्षा, प्रोटोकॉल, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के पुख्ता इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने पर जोर दिया।
विधानसभा क्षेत्रों में बैठकों का दौर
उधर, भाजपा भी गृह मंत्री के दौरे और पदयात्रा को सफल बनाने में जुटी है। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में मंगलवार को रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में तैयारियों को लेकर बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ और सविता कपूर ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर बैठकें कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। देहरादून और हरिद्वार समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को रैली और पदयात्रा में लाने की तैयारी की जा रही है।
तीन घंटे रहेगा यातायात डायवर्जन
परेड ग्राउंड में छह नवंबर को होने वाली जनसभा के मद्देनजर सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक विशेष यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने आमजन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।





