प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष के सेवा एवं समर्पण के उपलक्ष्य में भाजपा महानगर की ओर से सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का दृढ़ निश्चय व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, महानगर प्रभारी राकेश गिरी, विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, सहदेव सिंह पुंडीर, प्रेमचंद अग्रवाल सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने ‘आई विल डू इट’ के संकल्प के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता जताई। संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और सभागार ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन से लेकर अब तक की कार्यशैली और सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि वे कल भी विद्यार्थी थे और आज भी विद्यार्थी हैं। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सामने आई विभिन्न घटनाओं और परिस्थितियों ने उन्हें निरंतर कुछ न कुछ सीखने का अवसर दिया।
प्रधानमंत्री के अनुसार उन्हें जीत ने विनम्रता, शुभचिंतकों ने प्रोत्साहन, आलोचकों ने आत्मावलोकन, साथ देने वालों ने विश्वास की शक्ति और विरोध करने वालों ने लोकतंत्र की शक्ति समझाई। उन्होंने कहा कि हर सिद्धि ने उन्हें आगे बढ़ने का साहस और विश्वास दिया। प्रधानमंत्री ने कर्म को अपने लिए सर्वोपरि बताते हुए भारत के प्राचीन गौरव को पुनर्जीवित करने के संकल्प को प्रत्येक नागरिक के मन में मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत के नेतृत्व में कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया। इसके बाद प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने सेवा ज्योति यात्रा निकाली।
सेवा ज्योति यात्रा बहुउद्देशीय सभागार से सर्वे चौक, कनक चौक और रेसकोर्स होते हुए लैंसडाउन चौक पहुंची। यहां विशाल दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के संयोजक महामंत्री संदीप मुखर्जी के साथ महानगर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों, सुनील शर्मा, राजेश कंबोज, संकेत नौटियाल, ओम कक्कड़, संध्या थापा, विजेंद्र थपलियाल, जगदीश सेमवाल, समीर, तृप्त जाटव, सुमन, विनोद शर्मा, मोतीराम, प्रदीप कुमार, बलदेव नेगी, महिपाल, श्रेय नौटियाल, विपिन खंडूड़ी, कुलदीप पेंट, सुमन सिंह, यासमीन आलम खान, राकेश मौर्य, शशिकांत, मनीष पाल, संजीव बालियान, अजय शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष, पार्षद और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






