गौचर (चमोली)। जनपद चमोली के गौचर में पंजीकृत प्रेस क्लब के कार्यालय का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने भविष्य में प्रेस क्लब के भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।
गौचर में करीब एक वर्ष पहले प्रेस क्लब का गठन किया गया था, जिसका अब पंजीकरण हो चुका है। क्लब के कार्यालय के लिए पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने एक कक्ष उपलब्ध कराया। बुधवार को उन्होंने रिबन काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद पालिका सभागार में क्लब के संरक्षक चंद्रवीर गायत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने क्लब के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उनके कार्यकाल में गौचर प्रेस क्लब का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि समय आने पर प्रशासन के साथ मिलकर क्लब के भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने में हरसंभव मदद की जाएगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन के आंख-कान होते हैं। उनके सम्मान में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी ने पत्रकारों को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि गौचर में प्रेस क्लब के गठन से क्षेत्र की पहचान जनपद ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश में भी बनेगी।
रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के अध्यक्ष बीरपाल नेगी ने प्रेस क्लब के गठन पर प्रसन्नता जताई। लोक कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने कार्यक्रम में शामिल होने पर खुशी व्यक्त की। उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने उम्मीद जताई कि गौचर के पत्रकार पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करेंगे और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
प्रेस क्लब के मुख्य सलाहकार दिग्पाल गुसाईं ने क्लब की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारों को अपने मधुर व्यवहार से अलग पहचान बनानी चाहिए। पद से अधिक महत्व व्यक्ति के व्यवहार का होता है। क्लब के संरक्षक चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि गौचर प्रेस क्लब को देहरादून प्रेस क्लब से संबद्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यहां के पत्रकारों को भी वहां जैसी सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम का संचालन डीडी न्यूज के पत्रकार भानू प्रकाश नेगी ने किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एलपी लखेड़ा और दिग्पाल गुसाईं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, पूर्व कर्मचारी संगठन अध्यक्ष राजेंद्र मैखुरी, राष्ट्रपति से सम्मानित सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह नेगी, गजेंद्र नयाल, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला प्रभारी महावीर रावत, दशोली ब्लॉक प्रभारी सुरेंद्र सिंह गढ़िया, मदन मैखुरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





