spot_img

हरिद्वार पुलिस ने किया मगध साइबर गैंग का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

हरिद्वार। उत्तराखंड में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने बिहार के नालंदा और नवादा से संचालित बताए जा रहे संगठित मगध साइबर गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये के साइबर फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 2.75 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन के सुराग सामने आए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि श्यामपुर क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद कार में साइबर अपराध से जुड़े कुछ लोग मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रसियाबड़ सिंगल लाइन प्वाइंट पर वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार पांच व्यक्तियों के पास से 35 एटीएम कार्ड, 14 बैंक पासबुक, 17 सिम कार्ड, 18 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक लैपटॉप चार्जर, 10 एटीएम कवर, पैन कार्ड तथा 37,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

जांच में बरामद मोबाइल फोन, बैंक खातों और क्यूआर कोड से साइबर ठगी से जुड़े कई संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। पुलिस के अनुसार आरोपी विभिन्न राज्यों में साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि को तथाकथित म्यूल खातों में जमा करवाते थे और बाद में यूपीआई, बैंक खातों तथा एटीएम के माध्यम से रकम निकालकर उसे आगे ट्रांसफर करते थे। इस पूरे नेटवर्क में कमीशन के आधार पर रकम का बंटवारा किया जाता था।

एसएसपी ने बताया कि बैंक खातों की केवाईसी, ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और डिजिटल डिवाइसों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साइबर फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय होकर ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन का काम कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा पांडे निवासी नालंदा (बिहार), निरंजन कुमार निवासी नवादा (बिहार), चंद्रमणि कुमार निवासी नवादा (बिहार), सन्नी निवासी हरिद्वार तथा चंदन पांडे निवासी हरिद्वार शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में एसपी सिटी अभय सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ साइबर क्राइम एवं भगवानपुर सुमित पांडे, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा सहित श्यामपुर पुलिस और साइबर टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि ऐसे गिरोहों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-
Download Appspot_img