spot_img

हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस-पिकअप की टक्कर में 3 की मौत, 4 घायल

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

फ्लाईओवर पर हुआ भीषण हादसा

पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर जा रहा था। श्यामपुर फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। दुर्घटना के बाद लंबा जाम लग गया।

तीन लोगों की मौत, चार का इलाज जारी

सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान पिकअप सवार अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद और एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।

वहीं घायल अन्नू (18), सोनी लाल (25) और शमीम (42) का जिला अस्पताल हरिद्वार में उपचार चल रहा है।

एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा

श्यामपुर थाना क्षेत्र के इस नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले इसी मार्ग पर हुए हादसे में बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

हादसे की जांच शुरू

सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइड्रा की सहायता से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।

 

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-
Download Appspot_img