खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता मां-बेटे के अटूट संबंध जैसा है। क्षेत्र की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय के भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण के साथ सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। किसानों के हित में चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





