स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद पिथौरागढ़ में दिनांक 12 जून से 18 जून तक स्वच्छता सप्ताह के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से जनपद की जनता को सूखे व गीले कूड़े का अलग-अलग निस्तारण करने और अपने आस-पास साफ सफाई करने लिए जागरूक किया गया।
स्वच्छता सप्ताह के अंतिम दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ रीना जोशी के दिशा निर्देशानुसार जनपद अंतर्गत समस्त शासकीय और अशासकीय संस्थाओं, विद्यालयों, कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता की शपथ के उपरांत वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

1- *मैं स्वच्छता के प्रति वचनबद्ध रहूंगा/रहूंगी और इसके लिए समय दूंगा दूंगी* ।
2- *मैं स्वयं से, अपने परिवार से, अपने मोहल्ले से और अपने कार्यस्थल से स्वच्छता की पहल करूंगा।*
तत्पश्चात जिलाधिकारी महोदय की मौजूदगी में मोक्ष धाम रंधौला (निकट ऐंचोली) में युद्ध स्तर पर स्वच्छता अभियान कार्यक्रम चलाया गया और सफाई अभियान कार्यक्रम में उपस्थित समस्त जन को अपने आस-पास गंदगी न करने और साफ-सफाई करने की शपथ दिलाई। उक्त सफाई कार्यक्रम की स्थानीय जनता द्वारा प्रशंसा की गई। इसके बाद जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में होटल श्रेष्ठ एंड स्वयंवर बैंकट हॉल में स्वच्छता गोष्ठी एवं पर्यावरण मित्रों का सम्मान कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय को पगड़ी, सोल व तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया और 40 पर्यावरण मित्रों को सम्मान पुरस्कार दिया गया और उनके कार्य की प्रशंसा भी की गई।
ईओ नगर पालिका ने स्वच्छता अभियान कार्यक्रम की रूपरेखा अच्छी बनाई है। हम लगातार स्वच्छता कार्यक्रम करते रहते हैं और नगरपालिका द्वारा भी लगातार स्वच्छता कार्य किया जा रहा है। हम लोग अपने घर के अंदर तो साफ सफाई करते हैं लेकिन अपने घर के आस-पास की गंदगी पर ध्यान नहीं देते हैं, जिस कारण प्रदूषण फैल जाने की स्थिति में हमें ही बीमार का सामना करना पड़ता है। कूड़ा निस्तारण का कार्य सिर्फ नगरपालिका का ही नहीं है, हम सभी को सफाई के लिए अपना योगदान भी देना होगा। गीला कूड़ा और सूखा कूड़ा अलग-अलग कूड़ेदान में ही डालें क्योंकि हमारे द्वारा ऐसा ना करने से पर्यावरण मित्रों को गीला और सूखा कूड़ा अलग करने के लिए विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। जहां आप और हम खड़े होना पसंद नहीं करते वहां उनके द्वारा कार्य किया जाता है। साफ सफाई रखना हम सभी का दायित्व है। जितना हो सके पॉलिथीन के इस्तेमाल से बचें और कपड़े से बने बैग का इस्तेमाल करें। आप सभी का स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में आने के लिए बहुत बहुत धन्यवाद — *जिलाधिकारी पिथौरागढ़, रीना जोशी।*
मैं अरुणाचल प्रदेश के बोम्डिला से आया हूं। पिथौरागढ़ और बोम्डिला की भौगोलिक परिस्थिति लगभग समान हैं, लेकिन बोम्डिला में यहां की अपेक्षा अधिक स्वच्छता है। यह देवों की भूमि है और देवता वहीं निवास करते हैं जहां साफ सफाई होती है साथ ही पर्यटक भी वही आना पसंद करते हैं। इस प्रकार के सफाई अभियान को चलाते रहना चाहिए। जब भी इस प्रकार के कार्यक्रम हो तो मैं और मेरे जवान सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। — *55 वी एसएसबी बटालियन कमांडेंट आशीष कुमार*
विश्व में सबसे बड़ी समस्या पर्यावरण प्रदूषण की है। आज आधुनिक युग में अनेक सुविधाएं होने के बावजूद भी पर्यावरण प्रदूषण से निपटने में सफलता नहीं मिल पा रही है। सफाई के प्रति हम सभी का उत्तरदायित्व हैं। हम यह सोचते हैं कि स्वच्छता का कार्य नगर पालिका द्वारा ही किया जाएगा, लोग शिकायत करते हैं कि सरकार क्या कर रही है? नगर पालिका क्या कर रही है? लेकिन लोग यह भूल जाते हैं कि हम क्या कर रहे हैं? सरकारी माल कूड़े में डाल की भावना का त्याग करके सामूहिक प्रयास से ही समस्याओं का समाधान होगा।
— *अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, पिथौरागढ़ राजेंद्र रावत।*
पिथौरागढ़ की समस्त जनता से अपील है कि सूखा और गीला कूड़े को अलग अलग कूड़ेदान में ही डालें। अपने आसपास न कुड़ा करें न करने दें। कूड़ा निस्तारण में हम सभी की अपनी-अपनी जिम्मेदारी है। रोको और टोको का नियम अपनाएं। — *अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, पिथौरागढ़ राजदीप जायसी*
उक्त स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद, पिथौरागढ़ अध्यक्ष राजेंद्र रावत, उप जिलाधिकारी सदर अनुराग आर्य, एसएसबी कमांडेंट आशीष कुमार, आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर, एसएसबी जवान सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


