spot_img
spot_img

रावली महदूद में दर्दनाक हादसा, नाले में गिरी छह साल की बच्ची; तलाश में जुटी SDRF

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में सोमवार शाम तेज बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। कृपाल स्कूल के पास पुलिया पर खेल रहे दो बच्चे अचानक नाले में गिर गए। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण छह वर्षीय बच्ची बह गई, जबकि सात वर्षीय बालिका को आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार सोमवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान रावली महदूद में कृपाल स्कूल के पास बच्चे पुलिया पर खेल रहे थे। बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और इसी दौरान दोनों बच्चे नाले में जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने हिमानी (7) को किसी तरह नाले से बाहर निकाल लिया, लेकिन छह वर्षीय विधिका तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई।

हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। एसडीआरएफ के जवानों ने नाले में कई स्थानों पर बच्ची की तलाश शुरू की। तेज बारिश और पानी के तेज बहाव के बीच टीम ने काफी देर तक सर्च अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार विधिका ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर की रहने वाली थी और वर्तमान में कृपाल नगर, रावली महदूद में रह रही थी। बच्ची के नाले में बहने की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसडीआरएफ की टीम बच्ची की तलाश के लिए घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के नालों और पानी के बहाव वाले संभावित स्थानों पर भी सर्च अभियान चला रही है। तेज बारिश और बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके जवान लगातार बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।

सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हैं। संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। बारिश के दौरान नालों और नदी-नालों में अचानक बढ़ने वाले जलस्तर को देखते हुए प्रशासन की ओर से लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img