spot_img
spot_img

चारधाम यात्रा से पहले सड़कें गड्ढामुक्त , हटेगा डामटा

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

उत्तरकाशी।
चारधाम यात्रा से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। कैबिनेट एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मंगलवार को उत्तरकाशी में मंदिर समितियों, होटल एसोसिएशन, बस और टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। बैठक में साफ तौर पर संदेश दिया गया कि इस बार यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गंगोत्री नेशनल हाईवे की स्थिति को लेकर बैठक में गंभीर चर्चा हुई। स्थानीय हितधारकों ने चढ़ेथी, लिमच्यागाड़ और गंगनानी जैसे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क मार्ग की खराब हालत पर चिंता जताते हुए शीघ्र सुधारीकरण और पूरे मार्ग को गड्ढामुक्त बनाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने बीआरओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में सड़क सुधार कार्य पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

यात्रियों की संख्या को लेकर होटल एसोसिएशन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने की मांग पर मंत्री ने दो टूक कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्थिति में इससे समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी लागू करने के निर्देश दिए, जिससे तकनीकी समस्याओं के कारण किसी श्रद्धालु को परेशानी न हो।

यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्थाओं को सुगम बनाने के लिए डामटा और कटॉपत्थर बैरियर का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को डामटा बैरियर तत्काल हटाने के निर्देश दिए, जबकि कटॉपत्थर बैरियर को भी हटाने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा यात्रा के दौरान होटल व्यवसायियों द्वारा उठाई गई व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की मांग पर भी सकारात्मक रुख दिखाया गया।

स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी बैठक में कड़े निर्देश दिए गए। चारधाम मार्ग पर सुलभ शौचालयों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शौचालयों में तैनात कर्मियों का सत्यापन कर तीन दिन के भीतर सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए मास और मदिरा के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने तथा उल्लंघन की स्थिति में पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इससे पूर्व मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मत्स्यपालकों को आईस बॉक्स वितरित करते हुए कहा कि ट्राउट मछली की कोल्ड चेन बनाए रखने के लिए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण है। इससे मत्स्यपालक अपनी उपज को सुरक्षित रखते हुए आईटीबीपी और स्थानीय बाजारों में ताजा मछली की आपूर्ति कर बेहतर आय अर्जित कर सकेंगे।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, डीएम प्रशान्त आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जयभारत सिंह, विधायक सुरेश चौहान, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, जबकि मंदिर समिति, होटल एसोसिएशन और परिवहन यूनियनों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कुल मिलाकर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस बार चारधाम यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर ठोस तैयारी सुनिश्चित की जाएगी।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img
spot_img