spot_img

बद्रीनाथ धाम दानपात्र घोटाले में SIT का शिकंजा, तीसरी गिरफ्तारी से मचा हड़कंप

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

ज्योतिर्मठ। बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दानपात्र की राशि में कथित गड़बड़ी के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरी गिरफ्तारी की है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले इस मामले में प्रोटोकॉल अधिकारी प्रमोद नौटियाल और पूर्व टीओ राजेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार किया जा चुका है।

SIT द्वारा मामले की गहन जांच के दौरान थाली-भेंट गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। जांच में प्राप्त फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मनोज कुमार पुत्र स्वरूप चंद, निवासी वार्ड संख्या-03, नूरपुर, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद शुक्रवार को दोपहर लगभग तीन बजे चमोली SIT टीम ने उसे जेपी कंपनी, लामबगड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर कोतवाली बद्रीनाथ लाया।

बद्रीनाथ धाम जैसे देश के प्रमुख तीर्थस्थल में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई जाने वाली धनराशि और दानपात्र की रकम में गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच दल गठित किया गया था। जांच एजेंसियां अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित अनियमितता में और कौन-कौन लोग शामिल रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। SIT अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बद्रीनाथ धाम में दानपात्र और चढ़ावे की व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे तथा दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों से यह संकेत मिल रहा है कि जांच एजेंसियां पूरे प्रकरण की तह तक पहुंचने के लिए सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-
Download Appspot_img