spot_img

26 अक्टूबर से पहले होगा विधानसभा का मानसून सत्र, सितंबर अंत या अक्टूबर की शुरुआत में आयोजन की संभावना

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा का आगामी मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले आयोजित किया जाएगा। सरकार ने सत्र को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र के आयोजन को लेकर चर्चा हुई थी, जिसमें 26 अक्टूबर से पहले सत्र आयोजित करने पर सहमति बनी। हालांकि, सत्र की निश्चित तिथि और स्थान का अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से लिया जाना है।

सरकार के स्तर पर माना जा रहा है कि विधानसभा का मानसून सत्र सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के पहले सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, अभी सत्र की तिथि और स्थान को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय और संबंधित विभागों की ओर से भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

इस बार मानसून सत्र में अनुपूरक बजट पेश किए जाने की तैयारी है। इसके लिए वित्त विभाग ने सभी विभागों से बजट प्रस्ताव मांगे हैं। विभागों को 18 सितंबर तक अपने प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आमतौर पर सरकार अनुपूरक बजट शीतकालीन सत्र में पेश करती है, लेकिन इस बार इसे मानसून सत्र में ही सदन के पटल पर रखने की तैयारी की जा रही है। विभागों से प्रस्ताव मिलने के बाद वित्त विभाग अनुपूरक बजट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले आयोजित किया जाना है। इसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। जल्द ही सत्र के स्थान का चयन कर लिया जाएगा। जिस स्थान पर सभी की सहमति होगी, वहीं मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान अनुपूरक बजट भी सदन में पेश किया जाएगा।

धामी सरकार के कार्यकाल का अंतिम मानसून सत्र

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह सत्र राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2027 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में धामी सरकार के वर्तमान कार्यकाल का यह अंतिम मानसून सत्र होगा। माना जा रहा है कि सत्र के दौरान सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण विधेयक और नीतिगत प्रस्ताव सदन में रखे जा सकते हैं। वहीं, विपक्ष भी सरकार को विभिन्न जन मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार कर सकता है।

गैरसैंण में सत्र आयोजित होने की संभावना

पिछले वर्ष धामी सरकार ने विधानसभा का मानसून सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में आयोजित किया था। ऐसे में इस बार भी गैरसैंण में मानसून सत्र आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित कर पहाड़ और राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी को लेकर जनता के बीच एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर सकती है। अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री की सहमति और सभी संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा। सत्र की तिथि और स्थान तय होने के बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-
Download Appspot_img