spot_img

गर्जिया क्षेत्र में बढ़ी बाघ की गतिविधियां, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

रामनगर के गर्जिया क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय दहशत फैल गई जब एक बाघ ने राष्ट्रीय राजमार्ग-309 के समीप दिनदहाड़े एक घोड़े पर हमला कर उसे मार डाला और शव को जंगल की ओर घसीट ले गया। घटना आबादी वाले क्षेत्र के बेहद करीब होने के कारण स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब एक बजे झूला पुल चौराहे के पास, पूर्व गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के निकट हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाघ अचानक आबादी वाले इलाके के समीप पहुंचा और वहां मौजूद एक घोड़े पर हमला कर दिया। घोड़े को मारने के बाद बाघ उसे जंगल की ओर घसीटकर ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने बाघ को देखा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना स्थल झूला पुल चौराहा आबादी वाले क्षेत्र के निकट स्थित है, जहां दिनभर स्थानीय लोगों, पर्यटकों और अन्य राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में दिनदहाड़े राजमार्ग के समीप बाघ की मौजूदगी और उसके द्वारा घोड़े का शिकार किए जाने की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बाघ की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। आबादी के इतने करीब बाघ के पहुंचने से लोगों में भय व्याप्त है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने बताया कि विभागीय टीमें लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से जंगल और जंगल से सटे क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

वन विभाग ने एहतियात के तौर पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को झूला पुल क्षेत्र की ओर अनावश्यक रूप से न जाने की सलाह दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-
Download Appspot_img