उत्तरकाशी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने पार्टी कार्यालय ज्ञानसू में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद नाल्डकठूड़ क्षेत्र के डिडसारी गांव पहुंचकर पारंपरिक थोलू-ध्याणी मिलन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों तथा दूर-दराज क्षेत्रों से अपने मायके पहुंची ध्याणियों से आत्मीय भेंट कर स्वतंत्रता दिवस और ध्याणी मिलन मेले की शुभकामनाएं दीं।
गांव की व्याही ध्याणियों द्वारा अपने आराध्य कालिग नाग देवता के सानिध्य में आयोजित यह पारंपरिक आयोजन श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक आत्मीयता का अनूठा संगम बना। कार्यक्रम में स्थानीय लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर विजयपाल सजवाण ने कहा कि थोलू-ध्याणी मिलन जैसे पारंपरिक आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और सामाजिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन ध्याणियों को अपने मायके और जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और पारिवारिक संबंधों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी लोक परंपराएं सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पूर्व विधायक ने भगवान वाणेश्वर महादेव एवं कालिग नाग देवता से समस्त ध्याणियों, ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ज्योति राजू राणा, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, ज्येष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश कुमार, ग्राम प्रधान प्रकाश चंद्र डिमरी, हरि सिंह राणा, भरत सिंह राणा, अनिल राणा, विनोद डिमरी, रेखा भट्ट, संगीता देवी, सविता चमोली, राखी चमोली, कुसुम राणा, गजेंद्र राणा, विमल राणा, संतोष कुमार, प्रकाश बिष्ट, विनीश असवाल, आदर्श रावत, मानेंद्र पंवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


