देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदल सकता है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के पांच पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, मैदानी और घाटी वाले इलाकों में मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। हालांकि, राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है।
पांच पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम में बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
घाटियों और मैदानी इलाकों में कोहरे का असर
प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इससे सुबह और शाम के समय दृश्यता कम हो सकती है और लोगों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। हालांकि, पांच पहाड़ी जिलों को छोड़कर अन्य जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।
देहरादून में खिली रहेगी धूप
राजधानी देहरादून में सोमवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने और दिन में अच्छी धूप खिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बर्फ की सफेद चादर से ढका केदारनाथ धाम
वहीं, प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है। लगातार बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। मंदिर परिसर से लेकर आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं। बर्फबारी के बाद धाम का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है।





