मंगलवार को देहरादून के एक स्थानीय होटल में कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड एवं सूचना विभाग के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सौजन्या, महानिदेशक सूचना रणबीर सिंह चौहान एवं मुख्य वक्ता प्रो.डॉ. सुभाष गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया है।

महानिदेशक सूचना श्री रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि विधान सभा सामान्य निर्वाचन के सफल संपादन में मीडिया की भूमिका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में मीडिया तक सूचनाओं का सही प्रकार से आदान-प्रदान हो, इसके लिए तंत्र विकसित किया जायेगा, ताकि मीडिया को किसी एक प्लेटफार्म से समय पर सूचनाएं मिल सके।
कार्यशाला में ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के मॉस कॉम विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुभाष गुप्ता द्वारा पेड न्यूज पर प्रस्तुतीकरण दिया। डॉ. गुप्ता ने पेड न्यूज के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस प्रकार के गलत तथ्यों पर आधारित प्रचार से एक सही, ईमानदार लोकतंत्र के लिए आवश्यक उम्मीदवार, धन का प्रलोभन देने वाले उम्मीदवार से पिछड़ सकता है।
नोडल अधिकारी मीडिया निर्वाचन नितिन उपाध्याय द्वारा मीडिया मॉनिटरिंग, प्रमाणीकरण एवं कमेटी के कार्यों से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया। श्री उपाध्याय ने निर्वाचन के समय मीडिया के लिए जारी होने वाली गाइडलाइन एवं विज्ञापनों के प्रसारण से संबंधित जानकारी दी। मीडिया को चुनाव के समय चुनाव आयोग द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी। श्री उपाध्याय ने मीडिया से भी चुनाव प्रक्रिया में मीडिया से सुझाव भी आमंत्रित किये।
कार्यशाला में वरिष्ठ पत्रकार संजीव कंडवाल, विकास गुसाँई, गजेंद्र नेगी, विक्रम श्रीवास्तव ने अपने सुझाव दिए।
इस अवसर पर उप निदेशक सूचना रवि विजारनिया, सहायक निदेशक अर्चना, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में मीडिया कॉर्डिनेटर राखी, आकाशवाणी/दूरदर्शन समाचार प्रभारी राघवेश पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।


