देहरादून: धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखा है। विधायक ने अपनी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को बदले जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है और इसे अपने खिलाफ गंभीर साजिश बताया है। उन्होंने राज्यपाल से पुराने गनर को पुनः बहाल करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि पुराना गनर वापस नहीं दिया जाता है तो उन्हें नए गनर की कोई आवश्यकता नहीं है।
हरीश धामी ने पत्र में आरोप लगाया है कि वर्तमान में वह सरकार और मुख्यमंत्री की मुखालफत कर रहे हैं, इसी कारण उनकी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को हटाकर नया गनर तैनात किया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि नए गनर की तैनाती के पीछे उनकी पल-पल की खबर और लोकेशन सरकार तक पहुंचाने का उद्देश्य हो सकता है, ताकि उचित मौका मिलने पर उनकी हत्या कराई जा सके।
विधायक ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर उनकी सुरक्षा में पूर्व से तैनात गनर को पुनः बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि पुराना गनर वापस नहीं दिया जाता है तो उन्हें नए गनर की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इससे उनकी निजता प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उनकी हत्या होती है तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और सरकार की होगी।
### सोशल मीडिया पर भी उठाया सुरक्षा का मुद्दा
हरीश धामी ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनहित की आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। धारचूला की जनता के अधिकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले जनप्रतिनिधि की सुरक्षा में बदलाव चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल करना विधायक का अधिकार है और जनता के हितों की रक्षा करना उसका प्राथमिक कर्तव्य है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को राजनीतिक दबाव या प्रतिशोध का माध्यम बनाना अनुचित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल इस संवेदनशील प्रकरण में हस्तक्षेप कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था को पुनः बहाल करने के निर्देश देंगे।
### जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के बाद बढ़ा सियासी विवाद
गौरतलब है कि इस सियासी विवाद की शुरुआत बीते 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हुई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले का उद्घाटन किया था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान मेला समिति के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हरीश धामी का संबोधन नहीं होने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
इसके बाद मंच पर जमकर हंगामा हुआ था और कुर्सियां व माइक क्षतिग्रस्त किए गए थे। पुलिस ने मामले में विधायक हरीश धामी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वहीं, चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में न्यायालय से जमानत मिल गई थी।





