spot_img

32 दिन बाद भी रेशमा बिष्ट का सुराग नहीं, सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण; पुलिस से जल्द तलाश की मांग

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र के जांगी गांव से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई रेशमा बिष्ट का 32 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रेशमा की तलाश में पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक उसके बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बेटी का पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के चलते मंगलवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार जांगी गांव निवासी रेशमा बिष्ट 6 अगस्त को अचानक लापता हो गई थीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो अगले दिन 7 अगस्त को थाना लंबगांव में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने भी अपने स्तर से रेशमा की तलाश शुरू की। आसपास के गांवों, जंगलों और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टिहरी पुलिस ने भी रेशमा की तलाश में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने जंगलों के साथ ही टिहरी झील और जाखणी नदी क्षेत्र में भी सर्च ऑपरेशन चलाया। संभावित स्थानों पर तलाश के लिए ड्रोन की मदद भी ली गई। इसके बावजूद 32 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।

लगातार तलाश के बावजूद रेशमा का पता नहीं चलने से परिजनों और ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक महीने से अधिक समय बीत चुका है और परिवार लगातार मानसिक तनाव में है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया और रेशमा की तलाश तेज करने की मांग की।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों एवं परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मांग की कि सर्च अभियान को और व्यापक किया जाए तथा रेशमा की तलाश के लिए हरसंभव संसाधनों का इस्तेमाल किया जाए। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि रेशमा की तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि रेशमा की शादी करीब चार साल पहले नवीन बिष्ट से हुई थी। शादी के बाद उनका करीब चार वर्षीय बेटा भी है। रेशमा के पति नवीन विदेश में नौकरी करते हैं और कुछ समय पहले करीब 28 महीने बाद छुट्टी पर घर लौटे थे। परिजनों के अनुसार नवीन के घर लौटने के करीब चार दिन बाद ही 6 अगस्त को रेशमा अचानक लापता हो गईं। तब से लगातार उनकी तलाश की जा रही है।

मामले में रेशमा के मायके पक्ष की ओर से उनकी ससुराल वालों पर कुछ गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच और तलाश अभियान आगे बढ़ा रही है। फिलहाल रेशमा का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

-Advertisement-

-Advertisement-
-Advertisement-
Download Appspot_img