spot_img
spot_img

देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को देखने का नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है।

धामी ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। बच्चों के लिए पहले से लागू निःशुल्क प्रवेश व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम में अब कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इससे उन्हें वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीव संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img